News 

11वां विश्व हिंदी सम्मलेन 2018 : 18 – 20 अगस्त तक मॉरिशस में

11वें विश्व हिंदी सम्मलेन का आयोजन 18 से 20 अगस्त के बीच मॉरिशस में आयोजित किया जायेगा। विगत मंगलवार को मॉरिशस की शिक्षा मंत्री लीला देवी दुकन लछुमन ने विश्व हिंदी सम्मलेन के 11वें संस्करण का लोगो और वेबसाइट लॉन्च किया।

इस अवसर पर भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी मौजूद थी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा, सम्मलेन के एक दिन पहले गंगा आरती का कार्यक्रम होगा। गंगा को भारतीय संस्कृति का प्रतीक माना जाता है और पूरी दुनिया इसे माँ का दर्जा देती है।

सम्मलेन के विषय में जानकारी देने के लिए मॉरिशस से एक प्रतिनिधि दल भारत आया था। उनसे मुलाकात के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, भारत और मॉरिशस के बीच प्रगाढ़ रिश्ते हैं, भारत के बाहर भी हिंदी को जीवित रखने और आगे बढ़ाने में मॉरिशस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसका उदहारण है वर्ष 1976 और 1993 में विश्व हिंदी सम्मलेन का आयोजन मॉरिशस में ही किया गया था और अब इस साल तीसरी बार इसका आयोजन वहां किया जाना है।

उन्होंने बताया की सम्मलेन के आयोजन के लिए स्वामी विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय संस्थान को सभा केंद्र के रूप में चुना गया है। सम्मलेन के दौरान एक विषय ‘भोपाल से मॉरिशस’ रखा गया है जहां भोपाल में आयोजित 10वें विश्व हिंदी सम्मलेन में गठित समितियां मॉरिशस में अपने एक साल के कामकाज का लेखाजोखा रखेगी।

विश्व हिंदी सम्मलेन के आयोजन की शुरुआत 1975 में नागपुर से हुई थी। अब इस आयोजन की परंपरा ने वैश्विक स्वरुप और गति प्रदान कर ली है। 11वां विश्व हिंदी सम्मलेन फिर तीसरी बार 18 से 20 अगस्त के बीच मॉरिशस की राजधानी पोर्ट लुईस में आयोजित किया जायेगा।

इस बार विश्व हिंदी सम्मलेन की थीम ‘वैश्विक हिंदी, भारतीय संस्कृति’ रखी गई है। इस मौके पर कवि सम्मलेन, पुस्तक मेला, परिचर्चा के साथ तकनीक एवं डिजिटल प्रकाशन पर सत्र का आयोजन किया जायेगा।

Related posts

Leave a Comment