चंद्र ग्रहण 2020: आज लगेगा 4 घंटे का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण, जान लें क्या होगा समय
आज यानि की 10 जनवरी को साल का पहला ग्रहण लग रहा है जिसके बारे में आप काफी दिनों से सुनते भी आ रहे होंगे। कहा जा रहा है कि यह ग्रहण पूर्ण ग्रहण न होकर एक उपच्छाया चंद्रग्रहण होगा, जिसकी वजह से ये पूर्ण चंद्रग्रहण से काफी धुंधला होता है। वहीं आपको बता दें कि इस ग्रहण की अवधि कुल 4 घंटे 01 मिनट की होगी जिसकी वजह से ये सबसे लंबा ग्रहण माना जा रहा है। हालांकि साल 2020 में कुल तीन ग्रहण लगने वाले हैं, जिसमें से यह पहला चंद्र ग्रहण होगा, वहीं इसके बाद 5 जून, 5 जुलाई और 30 नवंबर को होंगे।
चंद्र ग्रहण का क्या है समय
आज रात को जो चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है वो 10 बजकर 37 मिनट पर शुरू होगा और अगली तारीख यानी 11 जनवरी को तड़के पौने तीन बजे तक चलेगा। यही नहीं जानकारी के लिए भारत के अलावा ये ग्रहण यूरोप, एशिया, अफ्रीका और आस्ट्रेलिया महाद्वीपों में भी देखा जा सकेगा।

इस बार ये होगा खास
इस बार के चंद्रग्रहण में खास बात तो यह है कि उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा। शास्त्रों में उपच्छाया चंद्रग्रहण को ग्रहण के रुप में नहीं माना जाता है इसलिए आज पूर्णिमा तिथि के पर्व और त्योहार मनाए जा सकेंगे। इतना ही नहीं इस ग्रहण में चंद्रमा मिथुन राशि में होगा, नक्षत्र पूर्नवसु रहेगा। मिथुन राशि के लोगों को चंद्र ग्रहण के समय सावधान रहने की जरूरत पड़ेगी। पूर्नवसु नक्षत्र के लोगों को भी बेवजह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं।
ग्रहण के दौरान रखें ये सावधानी, ये है नियम
यह ग्रहण चन्द्रमा का उपच्छाया ग्रहण है। यह सामान्य रूप से देखा नहीं जा सकेगा। इसमें चन्द्रमा पर केवल छाया की स्थिति रहेगी। इसमें चन्द्रमा सामान्य रूप से नहीं देखा जा सकेगा इसलिए इसमें किसी के लिए कोई भी सूतक के नियम लागू नहीं होंगे। पूर्णिमा की पूजा उपासना भी विधि विधान से की जा सकेगी। चंद्र ग्रहण पूर्णिमा के दिन पड़ता है लेकिन हर पूर्णिमा को चंद्र ग्रहण नहीं पड़ता है। इसका कारण है कि पृथ्वी की कक्षा पर चंद्रमा की कक्षा का झुके होना। यह झुकाव तकरीबन 5 डिग्री है इसलिए हर बार चंद्रमा पृथ्वी की छाया में प्रवेश नहीं करता।

