रोबोट बने किसान, बिना इंसानों की मदद के उगाई पांच टन जौ
दफ्तरों और कारखानों में रोबोट के काम करने की बात पुरानी हुई अब तो रोबोट खेती भी करने लगे हैं। ब्रिटिश वैज्ञानिकों की देखरेख में रोबोट ने खेती किसानी भी शुरू कर दी है। प्रयोगात्मक तौर पर ही सही, रोबोट्स ने पांच टन जौ की फसल उगाई है। सबसे अहम चीज है कि इस काम में मनुष्यों ने कुछ भी नहीं किया, बुवाई, कटाई, नमूने एकत्र करना आदि सभी काम स्वायत्त वाहनों (मशीनों) के द्वारा किया गया।
ब्रिटेन के हार्पर एडम्स विवि के शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि रोबोटिक तकनीक से कृषि की पैदावार बढ़ाई जा सकती है। इसके जरिए दुनिया में तेजी से बढ़ रही आबादी के सामने पैदा हुए खाद्य संकट से निपटा जा सकता है। इस मानव रहित खेती के लिए शोधकर्ताओं ने कृषि के लिए उपलब्ध व्यावसायिक मशीनों और ड्रोन्स को सॉफ्टवेयर से नियंत्रित किया।
हार्पर एडम्स यूनिवर्सिटी में मेकाट्रोनिक्स के शोधकर्ता और इस प्रोजेक्ट के प्रमुख जोनाथन गिल के मुताबिक, वास्तव में खेती में कोई भी स्वायत्तता की समस्या को हल करने में सफल नहीं हो सका है। इसके लिए शोधकर्ताओं ने खेती में प्रयोग होने वाली बहुत सी छोटी मशीनों को खरीदा। इसमें एक ट्रैक्टर और फसल उगाने वाली विशेष मशीन शामिल है।

