राम जन्मभूमि न्यास के चेयरमैन बोले- अगली दिवाली रामलला के साथ मंदिर में मनेगी
अयोध्या में दिवाली मनाने के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को शहर में विवादित स्थल पर जाकर रामलला के दर्शन किए और रामजन्म भूमि न्यास के चेयरमैन नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की. दास ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का समय नजदीक है और अगली दिवाली भगवान राम के साथ मंदिर में मनाई जाएगी.
दास का बयान ऐसे समय में आया है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय अयोध्या दौरे के दौरान इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए रहे.
अयोध्या में रात बिताने के बाद योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दिन की शुरुआत हनुमानगढ़ी और शहर के मुख्य मंदिरों में दर्शन के साथ की. हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि अयोध्या ने देश का दिवाली से परिचय कराया और यह त्यौहार पूरी दुनिया में एक खास इवेंट बन गया है. रामलला के दर्शनों के लिए जाने से पहले उन्होंने कहा कि बजरंगबली और रामलला के दर्शन करके प्रदेश और देशवासियों की खुशी, सुरक्षा और समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे. बता दें कि मार्च में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद योगी आदित्यनाथ का ये दूसरा अयोध्या दौरा है.

