राफेल डील पर राहुल ने भी खोला मोर्चा
कांग्रेस के द्वारा मोदी सरकार पर राफेल एयरक्राफ्ट खरीद में घोटाले का आरोप लगाया गया था. इस पर फ्रांस की ओर से ही जवाब दिया गया है. फ्रांस ने इस डील में किसी भी तरह का घोटाला होने से इंकार किया है. फ्रांस की ओर से कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा गया है कि किसी भी तरह का दावा करने से पहले फैक्ट्स चेक जरूर करने चाहिए. कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि जहाजों की कीमत 526 करोड़ है, जबकि सौदा 1571 करोड़ का हुआ है. राफेल डील पर अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी मोर्चा खोल दिया है. राहुल ने ट्वीट कर राफेल डील पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने राफेल एयरक्राफ्ट खरीद में मोदी सरकार पर घोटाले का आरोप लगाया है. सुरजेवाला का कहना है कि राफेल खरीद में कोई पारदर्शिता नहीं है. सुरजेवाला के मुताबिक, मोदी सरकार इस सौदे से राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है. उन्होंने दावा किया कि जहाजों की कीमत 526 करोड़ है जबकि सौदा 1571 करोड़ का हुआ है.
आपको बता दें कि ये डील 23 सितंबर, 2016 को फ्रांस के रक्षामंत्री ज्यां ईव द्रियां और भारत के तत्कालीन रक्षामंत्री मनोहर पर्रीकर ने नई दिल्ली में साइन की थी. भारत सरकार ने 59,000 करोड़ की फ्रांस से डील की थी. डील के मुताबिक, 36 राफेल फाइटर जेट विमान मिलने हैं. पहला विमान सितंबर 2019 तक मिलने की उम्मीद है और बाकी के विमान बीच-बीच में 2022 तक मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

