भारत के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन के बारे में चीनी रक्षा मंत्रालय ने दिया अहम बयान
डोकलाम विवाद को सुलझाने के लिए भारत की ओर से किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों के बीच चीन ने भी संकेत दिया है कि वह सैन्य ऑपरेशन के बारे में नहीं सोच रहा है। चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेन गुओकियांग ने सोमवार को भारतीय पत्रकारों से बात करते हुए इस सिलसिले में दिए गए एक बयान से दूरी बना ली।
सरकारी मीडिया में एक थिंक टैंक के हवाले से कहा गया था कि डोकलाम से भारतीय सैनिकों को हटाने के लिए चीन सीमित सैन्य ऑपरेशन कर सकता है। इस बारे में पूछे जाने पर गुओकियांग ने कहा कि ऐसी खबरों से मीडिया और थिंक टैंक के विचारों का पता चलता है। हमारा आधिकारिक पक्ष जानने के लिए विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के बयानों को देखें। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गतिरोध खत्म करने के लिए भारत को बिना शर्त अपनी सेना बुला लेना चाहिए।
दोनों देशों के बीच जारी तनातनी के बीच चीन ने कुछ भारतीय पत्रकारों को अपने यहां आमंत्रित किया है। चीनी रक्षा मंत्रालय ने भारतीय पत्रकारों के सामने नरम रुख अपनाया, तो पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक वरिष्ठ अधिकारी धमकी देने से बाज नहीं आए। सीनियर कर्नल ली ली ने कहा कि भारत जंग से बचना चाहता है, तो उसे डोकलाम से फौरन अपने सैनिक वापस बुला लेना चाहिए।

