परिवार नियोजन कार्यक्रम में फिर से जान डालेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
सरकारी स्तर पर लंबे समय से उपेक्षित चल रहे परिवार नियोजन के बेहद अहम मुद्दे को एक बार फिर से रफ्तार मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्दी ही राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग की बैठक बुलाने वाले हैं। देशभर के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों के संगठन फेडरेशन ऑफ ओब्सटेट्रिक एंड गायनाकोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया ‘फॉगसी’ ने भी इस कार्यक्रम में अपना योगदान देने की पेशकश की है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में परिवार नियोजन के उपायुक्त तेजा राम बताते हैं कि परिवार नियोजन के नए साधनों को लागू करने को लेकर भी गंभीरता से विचार हो रहा है। देश की जनसंख्या एक अरब होने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने यह आयोग गठित किया था। इस बेहद अहम संगठन के अध्यक्ष खुद प्रधानमंत्री होते हैं। लेकिन, पिछली सरकार के दौरान यह बेहद उपेक्षित रहा। इसकी अंतिम बैठक सात साल पहले हुई थी।

