कानपुर में ढही इमारत
यूपी के कानपुर के जाजमऊ इलाके में बुधवार को 6 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई. इस हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत हो चुकी है. वहीं मलबे से 17 घायलों का निकाला गया है, जिनमें से करीब आधा दर्जन मजदूरों की हालत चिंताजनक है.
पुलिस ने इमारत के मालिक समाजवादी पार्टी के नेता महताब आलम के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है. हालांकि वह फरार बताए जा रहे हैं. वहीं कानुपर के डीएम कौशलराज शर्मा ने कहा कि इस इमारत के मलबे में कई मजदूर फंसे हो सकते हैं. घटना की मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
कानपुर पुलिस के डीआईजी राजेश मोदक ने बताया कि केडीए कालोनी में 7 मंजिला भवन का निर्माण हो रहा था, जो बुधवार दोपहर बाद ढह गया. हादसे के वक्त इमारत में काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए. उन्होंने बताया कि हादसे में घायल करीब 17 मजदूरों को मेडिकल कालेज के हैलट अस्पताल और काशीराम ट्रामा सेंटर भेजा जा चुका है. हताहतों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं.

