आईआईटी और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में होंगे देशभक्तिपूर्ण रॉक शो, विपक्ष ने उठाए सवाल
केंद्र सरकार एक बार फिर से देश भक्ति के मुद्दे पर सवालों के घेरे में है. दरअसल केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि देश के आईआईटी और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में जल्द ही देशभक्ति के रॉक बैंड शुरू होंगे. छात्रों को बहुत जल्द कैंपस में देशभक्ति से भरे गीत संगीत पर झूमने का मौका मिलेगा. मंत्रालय ने इन संस्थानों से म्यूजिक बैंड्स की मेजबानी करने को कहा है, जो वहां देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम ऑर्गेनाइज करेंगे. ‘यह इंडिया का टाइम है’ नाम के कार्यक्रम के हिस्से के तौर पर सरकार ने कुछ खास बैंड निर्धारित किए हैं, जो देशभर के कैंपस में जाकर देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे.
यह प्रस्तुति खासकर बॉलीवुड के गानों पर होगी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया ‘एक निजी मनोरंजन संस्था को यह काम दिया गया है, जिसने एक दर्जन के करीब रॉक बैंड की पहचान की है. वहीं इन कार्यक्रमों को अगले महीने कई संस्थानों में प्रस्तुत करने की योजना बनाई गई है.’ ये कार्यक्रम भारत की स्वतंत्रता के 70 साल और भारत छोड़ो आंदोलन के 75 साल पूरा होने के जश्न में आयोजित किए जाएंगे.

