असम और अरुणाचल में ताजा बाढ़; उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
कुछ पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की वजह से असम और अरुणाचल प्रदेश के हिस्से दोबारा बाढ़ग्रस्त हो गए हैं. बारिश के कारण हुई दुर्घटनाओं में बिहार में दो लोगों की मौत हो गई.मौसम वैज्ञानिकों ने कुछ पूर्वोत्तर राज्यों, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की आशंका जताई है.
बिहार के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. दरभंगा में मिट्टी की एक झोपड़ी गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई.पश्चिम बंगाल के उपहिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश हुई. कूचबिहार में कल 246.6 मिमी बारिश दर्ज की गई.
ओडिशा के कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई. त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में सामान्य जनजीवन चरमरा गया है. कल रात से लगातार हुई बारिश की वजह से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं.राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आर्द्रता का स्तर काफी ऊंचा रहा. यहां का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

