भगदड़ में महिला से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जांच
मुंबई पुलिस एलफिंस्टन रोड रेलवे स्टेशन के पास फुट ओवर ब्रिज (पैदल पार पथ) पर 29 सिंतबर को हुए हादसे से जुड़े एक वायरल वीडियो का सच जानने की कोशिश कर रही है। वीडियो में मदद के नाम पर एक शख्स उस महिला से छेड़छाड़ करता दिख रहा है, जो हादसे के दौरान पुल पर गिरकर पीडि़तों के बीच फंसी थी।
दादर थाने के सूत्रों के अनुसार, वीडियो से ऐसा लगता है कि शख्स मुसीबत में फंसी महिला का फायदा उठाना चाहता था। हालांकि जांच के लिए पुलिस ने अन्य यात्रियों और स्थानीय निवासियों द्वारा बनाए गए वीडियो फुटेज एकत्र किए हैं।
मिड-डे से बातचीत में पुलिस उपायुक्त जोन 5 राजीव जैन ने बताया कि पुल हादसे मामले में अब तक हम 35 लोगों के बयान ले चुके हैं। हम उस वायरल वीडियो की सच्चाई की भी जांच कर रहे हैं, जिसमें एक शख्श फंस गई महिला का लाभ उठा रहा है। हमें वीडियो में दिख रहे आदमी की तलाश है। हमारे पास कई अन्य वीडियो भी हैं। जैसे ही शख्श की पहचान हो जाती है, हम सच्चाई का पता लगाएंगे।

