प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहुंचे श्रीलंका, बैसाख दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा पर कोलंबो पहुंचे जिसका मकसद दोनों देशों के बीच पारंपरिक सम्पर्क को मजबूत बनाना है . यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब चीन श्रीलंका में अपना पैर जमाने की कोशिश कर रहा है.
मोदी यहां बौद्ध धर्मावलंबियों के सबसे बड़े त्योहार अंतरराष्ट्रीय बैसाख दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे और भारतीय मूल के तमिल समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे. वे यहां भारत की मदद से निर्मित अस्पताल का भी अनावरण करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी के कोलंबो पहुंचने पर हवाईअड्डे पर श्रीलंकाई प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे, विदेश मंत्री मंगला समरवीरा समेत कई वरिष्ठ मंत्रियों ने उनकी आगवानी की.
कोलंबो पहुंचने पर अंग्रेजी और श्रीलंका की भाषा में अपने ट्वीट में मोदी ने कहा, ‘कोलंबो पहुंच गया हूं. श्रीलंका आकर खुश हूं, जहां मैं बैसाख दिवस समारोह में हिस्सा लूंगा.’
श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने ट्वीट किया, ‘जब श्रीलंका गर्व से अंतरराष्ट्रीय बैसाख दिवस मना रहा है, मैं भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करता हूं जो इस मौके पर यहां आए हैं.’हवाई अड्डे पर मोदी को श्रीलंका की वायु सेना ने सलामी दी.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की श्रीलंका यात्रा ऐसे समय मे हो रही है जब चीन की ओर से श्रीलंका में पैर जमाने का प्रयास किया जा रहा है. चीन, श्रीलंका में हमबनतोता बंदरगाह का विकास कर रहा है और उसके पनडुब्बी के बंदरगाह पर लंगर डालने की घटना भी सामने आ चुकी है.

