आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ सहयोग को करेंगे मजबूतः पीएम मोदी
तीन देंशों की यात्रा पर आज शनिवार को पुर्तगाल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां के प्रधानमंत्री अंतोनियो कोस्टा से मुलाकात की। पीएम मोदी ने अंतोनियो कोस्टा के साथ साझा बयान में कहा कि हम आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के खिलाफ अपने सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विज्ञान, अंतरिक्ष, युवा और खेलों के क्षेत्र में नए समझौते हमारी भागीदारी के दायरे का विस्तार करेंगे।
कुछ दिन पहले पुर्तगाल के जंगलों में लगी भीषण आग पर पीएम मोदी ने दुख व्यक्त किया और कहा की घटना पर हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं, उनके लिए हम प्रार्थना करते हैं। वहीं, पुर्तगाली पीएम अंतोनियो कोस्टा ने कहा कि 17 कॉर्पोरेशन प्रोजेक्ट की पहचान की गई है, हम संस्थानों के साथ काम कर रहे हैं। हमारी बातचीत में तमाम क्षेत्रों को कवर किया गया है। युवा और सांसकृतिक आदान-प्रदान करने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, भविष्य में इसका काफी प्रभाव पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों पुर्तगाल, नीदरलैंड और अमेरिका की चार दिवसीय दौरे पर हैं। आज पीएम मोदी पुर्तगाल में रहेंगे । इसके बाद वह 25 और 26 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे।
पीएम मोदी खासतौर पर अमेरिका यात्रा को लेकर बेहद आशान्वित हैं। शुक्रवार रात पीएम ने बताया कि उनके वाशिंगटन दौरे का मकसद अमेरिका के साथ पहले से ही मजबूत दोस्ती को और पुख्ता करना है। इस दौरान द्विपक्षीय साझेदारी के लिए एक दूरदर्शी दृष्टिकोण विकसित करने की कोशिश होगी।

