परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में 50% सीटें बढ़ाने की तैयारी; 25 साल तक नहीं होगा परिसीमन
परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी गई। संभावना है कि सरकार अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इसे पेश करेगी। सूत्रों के मुताबिक, विधेयक में कुछ संशोधन किए गए हैं, जिनका उद्देश्य परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी को अन्य राज्यों की तुलना में कम होने से बचाना है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित विधेयक के तहत लोकसभा की कुल सीटों में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जा सकती है। इसके साथ ही परिसीमन की प्रक्रिया को अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक स्थगित रखने का प्रस्ताव है। हालांकि, विधेयक के अंतिम प्रावधान संसद में पेश होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
सरकार इस विधेयक(परिसीमन और महिला आरक्षण) को सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पारित कराना चाहती है। इससे पहले अप्रैल में भी संसद के विशेष सत्र के दौरान इसे पेश किया गया था, लेकिन लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत आवश्यक है। सरकार का दावा है कि इस बार उसके पास पर्याप्त सांसदों का समर्थन है।
तमिलनाडु की हिस्सेदारी पर DMK का सख्त रुख
इस बीच, DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी किसी भी स्थिति में कम नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित है और इसे अगले 25 वर्षों तक बनाए रखा जाना चाहिए। स्टालिन ने कहा कि पार्टी तमिलनाडु के हितों और अपने सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, DMK, NCP और BRS विधेयक का समर्थन कर सकते हैं, जबकि विपक्षी INDIA गठबंधन इसके विरोध में है। विपक्षी दलों के नेता शनिवार को बैठक कर अपनी रणनीति तय करेंगे।
सरकार ने की संसद सुचारू चलाने की अपील
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सभी सांसदों से विशेष सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के लिए सभी सदस्यों का सहयोग जरूरी है।
सरकार ने चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा 2 और 3 दिसंबर को बैठेगी।

