वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर, तत्काल कदम उठाने की जरूरत: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि वायु प्रदूषण की समस्या बहुत गंभीर है और इसका हल तत्काल निकालने की जरूरत है। शीर्ष अदालत ने कहा कि नियमों के क्रियान्वयन न होने और तंत्र के प्रभावी न होने के कारण बहुत से लोग वायु प्रदूषण के शिकार हो रहे हैं।
न्यायमूर्ति एम बी लोकुर और न्यायमूर्ति पी सी पंत की पीठ ने प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि प्रदूषण की समस्या बहुत गंभीर है। अगर आप इसका समाधान निकालने में कई वर्ष लगाएंगे तो यह एक समस्या होगी।
न्यायमित्र हरीश साल्वे ने अदालत को सूचित किया था कि प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट (पीयूसी) को हर साल वाहनों के बीमा से जोड़कर 100 प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की जरूरत है। इसके बाद ही पीठ ने यह टिप्पणी की।

