नोटबंदी के असर पर संसदीय समिति ने वित्त मंत्रालय के अधिकारियों से पूछे सवाल
संसद की एक समिति ने नोटबंदी के प्रभावों के बारे में गुरुवार (9 नवंबर) को वित्त मंत्रालयों के अधिकारियों से सवाल किए और जानना चाहिए कि क्या नोटबंदी के उद्देश्यों को किन्हीं और माध्यमों से हासिल किया जा सकता था. सूत्रों ने कहा कि इसके साथ ही समिति ने नोटबंदी के असर का आकलन करने के लिए केंद्रीय मंत्रालयों व राज्यों के प्रतिनिधियों को बुलाने का फैसला किया है. वित्त पर संसद की स्थायी समिति नोटबंदी व देश की अर्थव्यवस्था पर इसके असर का आकलन कर रही है. समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री एम वीरप्पा मोइली हैं.
सूत्रों ने कहा कि आर्थिक मामलात सचिव सुभाष चंद्र गर्ग, वित्तीय सेवा सचिव राजीव कुमार व सीबीडीटी के चेयरमैन सुशील चंद्रा ने आज समिति को नोटबंदी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. मंत्रालय के अधिकारियों से नोटबंदी के उद्देश्यों के पाने के वैकल्पिक उपायों पर भी राय देने को कहा गया. सूत्रों के अनुसार समिति के सदस्यों ने ‘ब्रांड इंडिया’ पर नोटबंदी के असर को लेकर चिंता जताई क्योंकि देश अब दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था नहीं रहा है. जीडीपी वृद्धि वित्त वर्ष की पहली तिमाही में तीन साल के निचले स्तर 5.7 प्रतिशत पर आ गई.

