ECINET App: चुनाव आयोग ने ऐप में किया बड़ा बदलाव, अब ट्रिब्यूनल जज एक साथ अपलोड कर सकेंगे कई आदेश; जानें आम मतदाताओं को मिलने वाली 40 सुविधाएं
देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच चुनाव आयोग ने ECINET ऐप में बड़ा बदलाव किया है। मंगलवार को किए गए नए अपडेट के बाद अब ट्रिब्यूनल के जज अपने आदेश एक-एक करके अपलोड करने के बजाय एक साथ कई आदेश पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इस बदलाव का उद्देश्य ट्रिब्यूनल के कामकाज को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
ECINET ऐप केवल चुनाव अधिकारियों और ट्रिब्यूनल के लिए ही नहीं, बल्कि आम मतदाताओं के लिए भी उपयोगी प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए नागरिक चुनाव से जुड़ी लगभग 40 सेवाओं का लाभ एक ही जगह उठा सकते हैं। आइए जानते हैं कि यह ऐप क्या है और इससे मतदाताओं को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं।
क्या है ECINET ऐप?
भारत निर्वाचन आयोग ने 4 मई 2025 को ECINET प्लेटफॉर्म की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य चुनाव से संबंधित विभिन्न डिजिटल सेवाओं को एक ही इंटरफेस पर उपलब्ध कराना है। इसके तहत पहले से संचालित लगभग 40 अलग-अलग मोबाइल ऐप और वेबसाइटों को एकीकृत किया गया है।
इनमें वोटर हेल्पलाइन ऐप (VHA), c-VIGIL, सक्षम ऐप, पोलिंग ट्रेंड्स और नो योर कैंडिडेट (KYC) जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इससे मतदाताओं को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने या वेबसाइटों पर जाने की जरूरत कम होती है।
ECINET ऐप पर मिलती हैं ये 40 सेवाएं
ECINET के जरिए नागरिक अपने वोटर कार्ड से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा मतदान केंद्र, उम्मीदवारों और चुनावी गतिविधियों से संबंधित अपडेट भी प्राप्त कर सकते हैं।
ऐप में शामिल c-VIGIL सुविधा के माध्यम से मतदाता चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं, नो योर कैंडिडेट (KYC) सुविधा उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि और उनसे जुड़ी जानकारी जानने में मदद करती है।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम ऐप की सुविधाएं भी इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त चुनावी रुझानों और अन्य मतदान संबंधी जानकारियां भी हासिल की जा सकती हैं।
ECINET ऐप कैसे डाउनलोड करें?
ECINET ऐप को Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है। इंस्टॉल करने के बाद ऐप में दिए गए निर्देशों का पालन करके आवश्यक जानकारी दर्ज करें। इसके बाद अपनी जरूरत के अनुसार संबंधित सेवा का विकल्प चुनकर चुनाव से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस तरह ECINET का उद्देश्य चुनावी सेवाओं को एक मंच पर लाकर मतदाताओं के लिए जानकारी और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाना है।

